अतिलघु उत्तरीय प्रश्न (2 अंक)
1. मादक पदार्थ क्या होते हैं? किन्हीं दो मादक पदार्थों के नाम बताइए?
(UP 2013, 12, 10)
उत्तर ऐसे पदार्थ, जिनके सेवन से शरीर में विशेष प्रकार के लक्षण उत्पन्न हो जाते हैं, मादक पदार्थ कहलाते हैं। इसके सेवन से व्यक्ति में नशा, उत्तेजना या विभ्रम उत्पन्न होता है तथा मनुष्य कुछ समय के लिए चिन्ताओं से मुक्त हो जाता है। उदाहरण-हैरोइन, अफीम, चरस, आदि।
2. मादक पदार्थ मनुष्य के किस तन्त्र को प्रभावित करते हैं?
(UP 2010)
उत्तर मादक पदार्थ, मनुष्य के तन्त्रिका तन्त्र को प्रभावित करते हैं। इनके सेवन से कुछ समय के लिए व्यक्ति चिन्ताओं से मुक्त हो जाता है। तथा पदार्थ का प्रभाव समाप्त होते ही अवसाद की स्थिति में आ जाता है।
3. तम्बाकू में कौन-सा हानिकारक पदार्थ पाया जाता है? इसका हृदय गति पर क्या प्रभाव पड़ता है?
उत्तर तम्बाकू में निकोटिन नामक विषैला एल्केलॉइड पाया जाता है, यह हृदय गति की दर को बढ़ाता है। प्रत्येक 100 औंस तम्बाकू की पत्तियों में लगभग 2 औंस निकोटिन होती है।
4. तम्बाकू का धमनियों पर क्या प्रभाव पड़ता है? (UP 2012)
उत्तर तम्बाकू में पाए जाने वाले विषैले पदार्थ निकोटिन के कारण धमनियों की भित्ति मोटी एवं सख्त होकर सिकुड़ जाती हैं। इससे रुधिर दाब बढ़ जाता है तथा उच्च रुधिर दाब एवं हृदय सम्बन्धी रोगों की सम्भावना बढ़ जाती है।
5. महापान के दो दुष्परिणाम बताइए।
(UP 2012, 10)
उत्तर मद्यपान के दो दुष्परिणाम निम्न हैं।
(i) मस्तिष्क पर प्रभाव एल्कोहॉल सेवन के कारण मस्तिष्क की प्रक्रिया विलम्बित होती है। मस्तिष्क एवं समस्त तन्त्रिका तन्त्र की कार्य क्षमता घट जाने के कारण शरीर के समस्त कार्य विलम्ब से होते हैं।
(ii) यकृत पर प्रभाव एल्कोहॉल का सेवन यकृत पर विषाक्त प्रभाव डालता है। इससे भूख एवं पाचन क्रिया पर दुष्प्रभाव पड़ता है। अधिक एल्कोहॉल के सेवन से यकृत पूर्णतया नष्ट हो जाता है।
6. गेस्ट्राइटिस क्या है? किस नशीले पदार्थ के सेवन से यह रोग होता है?
उत्तर आमाशय की भीतरी सतह अथवा श्लेष्मिका के क्षतिग्रस्त हो जाने को ग्रेस्ट्राइटिस (पेप्टिक अल्सर) कहते हैं। पेप्टिक अल्सर के अधिक घातक हो जाने पर व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। कभी-कभी यह आँतों के कैंसर के रूप में बदल जाता है। यह लगातार तथा अधिक मात्रा में शराब पीने के कारण होता है।
7. साइकोट्रॉपिक औषधियाँ क्या हैं? दो उदाहरण दीजिए।
(UP 2015, 09)
उत्तर वे औषधियों, जो दृष्टि एवं श्रवण भ्रम उत्पन्न करती हैं अर्थात् औषधियों का वह समूह, जो तन्त्रिका तन्त्र पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा जिन पर व्यक्ति निर्भर हो जाता है, उन्हें नशीली औषधियों कहते हैं। इन औषधियों को साइकोट्रॉपिक औषधियाँ भी कहते हैं; उदाहरण-चरस, गाँजा, हशीश, आदि।
8. औषधि व्यसन क्या है?
उत्तर जब किसी औषधि को लगातार लेते रहने से व्यक्ति उस पर आश्रित हो जाता है, तो इसे औषधि व्यसन कहते हैं। ऐसा व्यक्ति उक्त औषधि के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से रोगी हो जाता है।
नशीली औषधियों का आदी व्यक्ति, इन औषधियों का प्रयोग करने के बाद, स्वयं को अधिक फुर्तीला और स्वस्थ महसूस करता है।
9. किन्हीं दो शामक एवं निद्राकारक औषधियों के नाम बताइए।
उत्तर बेलियम एवं लिब्रियम शामक एवं निद्राकारी औषधियाँ हैं। ये मस्तिष्क के तनाव व उत्सुकता को कम करती है व निद्रा लाती हैं।
10. किन्हीं दो उत्तेजक औषधियों के नाम लिखिए | (UP 2012, 07)
उत्तर कुछ ऐसे पदार्थ, जो शरीर को स्फूर्ति प्रदान करते हैं, परन्तु उनकी अधिकता से शरीर की उपापचयी क्रियाएँ बाधित होती हैं, उत्तेजक पदार्थ कहलाते हैं; जैसे-टॉफरेनिल, कैफीन, थाइन।
11. उस पेय पदार्थ का नाम लिखिए, जिसके पीने से तनाव कम होता है।
(UP 2011, 08)
उत्तर चाय में पाए जाने वाले उत्तेजक पदार्थ थाइन (1-6%), कैफीन, थीयोफाइलीन, वाष्पशील तेल (0.6%), टैनिक अम्ल (6-12%), आदि पदार्थ पाए जाते हैं, जिनके कारण तनाव कम होता है।
12. कोकीन किस पादप से प्राप्त करते हैं?
उत्तर कोकीन कोका नामक पादप से प्राप्त किया जाता है। इसके सेवन से नींद कम आना, भूख कम लगना, सिरदर्द, आदि दुष्परिणाम दिखाई देते हैं।
13. कौन-सी औषधि विभ्रम उत्पन्न करती है?
उत्तर विभ्रमक अर्थात् विभ्रम औषधि श्रवण तथा दृष्टि भ्रम उत्पन्न करती है। इनके प्रयोग से रंग न होते हुए भी रंग का आभास होता है। व्यसनी को रंगीन स्वप्निल दुनिया का आभास होता है, इसक कारण प्रसन्नता का झूठा आभास होता है। व्यसनी को समय स्थान व दूरी का उचित सामंजस्य नहीं रहता।
14. ओपिएट्स क्या हैं? इस समूह में आने वाली औषधियों के नाम लिखिए।
अथवा
(UP 2014, 11)
कौन-सी दवाइयाँ नारकोटिक होती हैं? उदाहरण दीजिए।
(UP 2011)
उत्तर ओपिएट्स, नारकोटिक दर्दनाशक औषधियों का एक वर्ग है, जिसमें अफीम तथा इसके स्राव से बने मॉर्फीन, हैरोइन, पैथिडीन, मीथडोन, आदि आते हैं। ये दर्द, चिन्ता एवं तनाव को कम करते हैं। ये रुधिर चाप तथा श्वसन दर को भी कम करते हैं, इनसे निद्रा व सुस्ती आती है।
15. नारकोटिक दवाइयों के उस वर्ग का नाम लिखिए, जो दर्द तथा तनाव को कम करता है।
(UP 2011)
उत्तर ओपिएट्स वर्ग नारकोटिक दवाइयों का वह वर्ग है, जो दर्द तथा तनाव को कम करता है। इससे रुधिर चाप एवं श्वसन दर कम होती है तथा निद्रा व सुस्ती आती है; जैसे-मॉर्फीन, आदि।
16. अफीम किस पौधे से प्राप्त होती है? इसके औषधीय गुण लिखिए।
अथवा
अफीम के सेवन से शरीर पर क्या प्रभाव पड़ता है?
उत्तर अफीम यह एक नशीला पदार्थ है, जो पोस्त के पौधे के सम्पुट फल से प्राप्त रबरक्षीर से बनाया जाता है। इससे दर्द निवारक या स्वापक औषधियाँ तैयार की जाती हैं। यह सफेद रंग के चूर्ण के रूप में मिलता है। इसे व्यसनी सूँघते हैं तथा इसके इन्जेक्शन भी लगाते हैं।
17. अफीम में कौन-सा मादक पदार्थ पाया जाता है? (UP 2010)
उत्तर अफीम में मॉर्फीन नामक एल्केलॉइड पदार्थ पाया जाता है। इससे हैरोइन या स्मैक का निर्माण होता है। यह सफेद रंग के चूर्ण के रूप में मिलता है। इसे व्यसनी सूँघते हैं तथा इसके इन्जेक्शन भी लगाते हैं। इससे शारीरिक एवं मानसिक शक्तियाँ क्षीण हो जाती हैं।
18. अफीम के अत्यधिक प्रयोग से क्या नुकसान है?
उत्तर अफीम के अत्यधिक प्रयोग से मनुष्य के केन्द्रीय तन्त्रिका तन्त्र और जठरान्त्र प्रभावित होते हैं। मनुष्य इतना आलसी हो जाता है, कि उसे हर समय नींद आती रहती है, चेहरे का रंग पीला हो जाता है। तथा आँखें कमजोर हो जाती हैं। मानसिक एवं शारीरिक स्थिति क्षीण हो जाती हैं अर्थात् व्यक्ति कुपोषण से दुर्बल हो जाता है।
0 Comments